कॉमेडी का चक्कर बाबू भईया.... कानून के चंगुल में फंसा MP का यह इन्फ्लुएंसर...!

Advertisement
इंदौर, रविकांत वर्मा। सोशल मीडिया पर 'कॉमेडी किंग' बनने की चाहत अब इंदौर के कंटेंट क्रिएटर धर्मेंद्र बिलोटिया के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने एक वायरल वीडियो के आधार पर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की है। आरोप है कि धर्मेंद्र ने अपने एक वीडियो में कथित तौर पर ऐसी आपत्तिजनक नारेबाजी की है, जिससे समाज की शांति और सद्भाव पर खतरा पैदा हो सकता है।
वीडियो वायरल होते ही भड़का आक्रोश
धर्मेंद्र बिलोटिया, जो अक्सर अपने देसी अंदाज और कॉमेडी कंटेंट के लिए जाने जाते हैं, इस बार अपनी सीमा लांघ गए। जैसे ही यह विवादित क्लिप इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुई, लोगों ने इसे आपत्तिजनक मानते हुए पुलिस से शिकायत कर दी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कॉमेडी के नाम पर इस तरह की नारेबाजी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
जांच में जुटी अन्नपूर्णा पुलिस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल वायरल क्लिप की सत्यता और उसके पीछे के संदर्भ (Context) की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह वीडियो समाज में वैमनस्य फैलाने के इरादे से बनाया गया था या यह केवल एक अनजाने में की गई गलती है।
इन्फ्लुएंसर्स के लिए चेतावनी
इंदौर पुलिस ने इस मामले के जरिए सोशल मीडिया पर सक्रिय अन्य इन्फ्लुएंसर्स को भी नसीहत दी है कि व्यूज और लाइक्स की होड़ में ऐसी कोई सामग्री पोस्ट न करें जो कानून की जद में आती हो। फिलहाल, धर्मेंद्र बिलोटिया के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तलवार लटक रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस सख्त कदम उठा सकती है।
