बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने 26 जनवरी को रिपब्लिक डे बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। इस मौके पर एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक देशभक्ति से भरा वीडियो शेयर किया, जिसमें वे अपने भांजे अहिल और भांजी आयत के साथ फिल्म बैटल ऑफ गलवान का गीत ‘मातृभूमि’ गुनगुनाते नजर आए। सलमान ने वीडियो के कैप्शन में #Maatrubhumi टैग करते हुए @salmankhanfilmsmusic को भी मेंशन किया।
वीडियो में सलमान खान आईपैड पर ‘मातृभूमि’ गाना सुनते हुए हल्की आवाज में साथ गाते दिखते हैं। इस दौरान वे ब्लैक टी-शर्ट और मूंछों वाले लुक में नजर आए, जो उनकी अपकमिंग फिल्म बैटल ऑफ गलवान के किरदार की झलक देता है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
वीडियो के अंत में सलमान खान म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया की जमकर तारीफ करते हुए कहते हैं, “हिमेश, क्या मेलोडी है यार भाई, बहुत शानदार।” सलमान की इस सराहना पर हिमेश रेशमिया ने भी फोल्डेड हैंड्स और रेड हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी।
गौरतलब है कि बैटल ऑफ गलवान का ‘मातृभूमि’ गाना हाल ही में रिलीज हुआ है, जो देश और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि है। इस गीत को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है, बोल समीर अनजान ने लिखे हैं और इसे अरिजीत सिंह व श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है।
फिल्म बैटल ऑफ गलवान जून 2020 में गलवान घाटी में हुई भारत-चीन सैन्य झड़प से प्रेरित है। फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जो शहीद कर्नल बी. संतोष बाबू से प्रेरित है। फिल्म में चित्रांगदा सिंह फीमेल लीड में नजर आएंगी। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले तैयार की गई है और 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

