खजुराहो,तुलसीदास सोनी । प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत खजुराहो स्थित खजुराहो हॉलीडे रिसॉर्ट में कुम्हार एवं मिट्टी शिल्प कारीगरों के लिए एक दिवसीय कौशल उन्नयन एवं जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय पैकेजिंग संस्थान (IIP) दिल्ली के समन्वय में संचालनालय हस्तशिल्प एवं हथकरघा, मध्य प्रदेश तथा MSME जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती वंदना सिंह (एपीओ, मनरेगा) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यशाला में 200 से अधिक स्थानीय कुम्हार कारीगरों ने भाग लिया और आधुनिक पैकेजिंग तकनीकों एवं डिजिटल मार्केटिंग के बारे में जानकारी प्राप्त की।
तकनीकी सत्र में भारतीय पैकेजिंग संस्थान, दिल्ली के सहायक संचालक तुषार बंद्योपाध्याय ने पैकेजिंग के मूल सिद्धांत एवं गुणवत्ता सुधार पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं कुमारी पूजा यादव द्वारा आकर्षक पैकेजिंग डिजाइन की आधुनिक तकनीकों पर विशेष सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित सत्र रहा, जिसमें एसएल-पीएमयू के मुस्तफा हुसैन ने कारीगरों को AI के उपयोग, स्मार्ट पैकेजिंग समाधान एवं डिजिटल मार्केटिंग रणनीतियों के बारे में जानकारी दी। लाइव डेमो के माध्यम से कारीगरों को नई तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर मुनेश गावहड़े (टीम लीड, SL PMU), सोएब अख्तर (सहायक निदेशक, MSME), अरविंद शुक्ला एवं पुष्पेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने कारीगरों के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक कारीगर को चार प्रकार के 10-10 उच्च गुणवत्ता वाले पैकेजिंग सैंपल निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम का समापन सामुदायिक भोजन एवं अनुभव साझा करने के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने इस पहल को लाभकारी बताते हुए भविष्य में ऐसे और आयोजनों की मांग की।

