नई दिल्ली। भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पदभार ग्रहण करने के बाद मध्य प्रदेश के शीर्ष नेताओं ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचकर उनसे मुलाकात की और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व सांसद वीडी शर्मा सहित मप्र के सभी प्रमुख नेता इस अवसर पर मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, गोपाल भार्गव, जयभान सिंह पवैया, नरोत्तम मिश्रा समेत वे सभी 22 नेता भी नितिन नवीन से मिले, जो उनके नामांकन में प्रस्तावक बने थे।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान युवा और ऊर्जावान नेतृत्व को सौंपा जाना भाजपा के मजबूत संगठन, अनुशासन और दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा विचार, संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगी।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ता और अधिक समर्पण के साथ जनसेवा और संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

