नागपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) की पुनर्परीक्षा 21 जून को होने वाली है, लेकिन परीक्षा केंद्र आवंटन को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। नागपुर के एक परीक्षार्थी को करीब 2500 किलोमीटर दूर संयुक्त अरब अमीरात के अबूधाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया है, जिससे छात्र और उसके पूरे परिवार में हड़कंप मच गया है।
परीक्षार्थी के पिता ने बताया कि उन्होंने केंद्र आवंटन की इस कथित गलती की तुरंत शिकायत राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को कर दी थी। कई बार फोन संपर्क और लिखित शिकायत के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। परिवार का कहना है कि इतनी दूर विदेश में परीक्षा देने जाना छात्र के लिए व्यावहारिक रूप से असंभव है।
परिजनों ने NTA से तुरंत हस्तक्षेप कर छात्र को नागपुर या निकटतम केंद्र पर परीक्षा देने की अनुमति देने की मांग की है। उनका आशंका है कि यदि समय रहते समस्या हल नहीं हुई तो छात्र पुनर्परीक्षा से पूरी तरह वंचित हो सकता है।
इस घटना ने NEET परीक्षा केंद्र आवंटन प्रक्रिया की पारदर्शिता और तकनीकी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावक अब NTA से ऐसे मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

