महाराजपुर,शिवम चौरसिया। नगर के बीचो-बीच ऊंची पहाड़ी पर विराजमान मां बगराजन के दरबार में सप्तमी पर्व के अवसर पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान माता रानी को छप्पन भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। महाआरती के समय भक्ति संगीत की मधुर धुनों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। जगत जननी मां जगदंबा के दरबार में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मनोकामनाएं पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं द्वारा दान-पुण्य, कन्या भोज एवं भंडारों का आयोजन किया गया। वहीं श्रद्धालुओं ने फल, फूल, केला आदि का वितरण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।


पंडित श्री उपकार शर्मा ने बताया कि मां बगराजन मंदिर से जुड़े रहस्यमयी किस्से आज भी जनमानस में चर्चित हैं। मान्यता है कि जो भी भक्त श्रद्धा और भक्ति भाव से शेरावाली माई की चौकी पर मन्नत मांगता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।


उन्होंने बताया कि नगर में किसी भी शुभ कार्य, विशेषकर विवाह जैसे मांगलिक आयोजनों से पूर्व लोग माता के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लेते हैं। माता के दर्शन उपरांत ही विवाह की रस्में प्रारंभ की जाती हैं, जिससे सभी बाधाएं दूर होती हैं।


बुधवार शाम आयोजित महाआरती में नगर की माताएं, बहनें, पुरुष एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। डीजे एवं भक्ति गीतों के बीच महाआरती का शुभारंभ हुआ और पूरा क्षेत्र धर्ममय माहौल में रंग गया जय मातादी जयकारों के साथ महाआरती संपन्न हुई भक्त जनों में प्रसाद ग्रहण किया