मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवजात बच्ची की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला भानपुरा क्षेत्र के ढाबला माधोसिंह उप स्वास्थ्य केंद्र का है। केथुली गांव निवासी दिनेश बंजारा ने नर्सिंग ऑफिसर पर लापरवाही और पैसों की मांग के गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों के अनुसार, महिला की डिलीवरी उप स्वास्थ्य केंद्र में कराई गई थी, लेकिन डिलीवरी के मात्र चार घंटे बाद ही मां और नवजात को घर भेज दिया गया, जबकि बच्ची की हालत ठीक नहीं थी। आरोप है कि अस्पताल में बेड खाली नहीं होने का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया।
घर पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि नॉर्मल डिलीवरी कराने के नाम पर 5 हजार रुपये की मांग की गई और पैसे न देने पर डिलीवरी में परेशानी होने की बात कही गई।
घटना के बाद परिजनों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), एसडीएम और तहसीलदार को लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र के अन्य स्टाफ की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

