भोपाल। देश की चर्चित UPSC मेंटर शुभ्रा रंजन के साथ भोपाल के एमपी नगर इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि उनके ही एक पूर्व छात्र और बिजनेस पार्टनर प्रियंक शर्मा ने उन्हें बंधक बनाकर उनके बैंक खाते से करीब 2 करोड़ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर है और इस पूरे मामले के अन्य पहलुओं को उजागर करने के लिए पुलिस रविवार दोपहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने जा रही है।


इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपी प्रियंक शर्मा पहले दिल्ली में शुभ्रा रंजन की कोचिंग का छात्र रह चुका था और बाद में भोपाल में उनकी फ्रेंचाइजी का संचालन करने लगा था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से भोपाल स्थित कोचिंग सेंटर घाटे में चल रहा था, जिसके कारण दोनों के बीच आर्थिक मतभेद काफी बढ़ गए थे। इसी विवाद की पृष्ठभूमि में आरोपी ने शुभ्रा रंजन को नए बिजनेस प्लान और निवेश का झांसा देकर भोपाल बुलाया था।


पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मुलाकात के दौरान जब शुभ्रा रंजन ने नए निवेश से इनकार किया, तो प्रियंक ने उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और दबाव बनाकर उनके खाते से लगभग 2 करोड़ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। क्राइम ब्रांच अब इस मामले में गहनता से जांच कर रही है ताकि वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।