टीकमगढ़,सोनू विश्वकर्मा। जिले के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेलसी के चिरौल स्थित चांदा मोहल्ला में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। खेत पर बने एक कुएं में नवविवाहिता महिला काशीबाई लोधी (28) और उसके करीब दो वर्षीय मासूम पुत्र अभिराज लोधी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।


मृतिका काशीबाई लोधी भेलसी निवासी राहुल लोधी की पत्नी थी। विवाह करीब पांच वर्ष पहले हुआ था। मृतिका की मां पुनिया लोधी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के बाद से ही काशीबाई को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पति राहुल लोधी भी अक्सर मारपीट करता था। हाल ही में मकर संक्रांति के अवसर पर मायके आई काशीबाई ने अपने परिजनों को ससुराल में हो रही परेशानियों की पूरी बात बताई थी।


परिवार के अनुसार काशीबाई दो दिन से घर से लापता थी, जिसकी सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार को अचानक सूचना मिली कि महिला और उसका बच्चा कुएं में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और एसडीओपी राहुल कटरे मौके पर पहुंच गए।


मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर सीधा हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि काशीबाई और बच्चे की पहले मारपीट कर हत्या की गई और फिर दोनों शवों को कुएं में फेंक दिया गया। परिजनों के हंगामे के बीच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में शवों को कुएं से बाहर निकाला गया।


फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल टीम की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस दोनों पक्षों की बात सुनकर आगे की कार्रवाई कर रही है।