सतना, अंबिका केशरी। सतना नगर निगम के वार्ड क्रमांक 41 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय असहज स्थिति बन गई, जब कुछ लोग मोहलत मांगने के लिए एसडीएम राहुल सिलाड़िया के पैरों में गिर पड़े। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला का डंडा एसडीएम की आंख और नाक के पास लग गया। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी कुछ देर के लिए असहज हो गए। तत्काल संबंधित लोगों को वहां से हटाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
जानकारी के अनुसार एसडीएम राहुल सिलाड़िया, सिटी कोतवाली पुलिस और नगर निगम की टीम भारी अमले के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची थी। प्रशासन ने कब्जाधारियों के मकानों और अस्थायी निर्माणों को हटाकर जमीन खाली कराई। इस दौरान कुछ देर तक हंगामे जैसी स्थिति भी बनी रही, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी कर ली गई। प्रशासन का कहना है कि वार्ड 41 स्थित कंपनी बाग पार्क की आरक्षित भूमि पर बाल वाटिका का निर्माण प्रस्तावित है। इसी उद्देश्य से अतिक्रमण हटाया गया। अधिकारियों के मुताबिक कब्जाधारियों को पिछले तीन वर्षों से लगातार नोटिस दिए जा रहे थे और स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन पालन नहीं किया गया।
कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति ने उगाही का आरोप भी लगाया। वहीं जब उसके घर का सामान बाहर निकाला गया तो वह जमीन पर बैठकर रोने लगा। भावुक माहौल के बावजूद प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अब जमीन को समतल कर बाल वाटिका निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

