धार, भानु प्रकाश शर्मा। धार लोकसभा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। आजादी के बाद पहली बार जिले के आदिवासी अंचल तक रेल सुविधा पहुंचने जा रही है। छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना के तहत टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक नई रेल लाइन का कार्य पूरा हो चुका है। अब इस ऐतिहासिक अवसर पर टांडा रोड रेलवे स्टेशन से बड़ोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी।
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में धार की सांसद सावित्री ठाकुर को आमंत्रित किया है। आमंत्रण पत्र के अनुसार 8 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ोदरा में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी अवसर पर टांडा रोड रेलवे स्टेशन से नई ट्रेन सेवा तथा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार मालगाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी।
2014 से रेल सुविधा के लिए प्रयास
सांसद सावित्री ठाकुर वर्ष 2014 में पहली बार सांसद निर्वाचित होने के समय से ही धार लोकसभा क्षेत्र को रेल सुविधा से जोड़ने के लिए प्रयासरत रही हैं। उन्होंने क्षेत्र की रेल संबंधी आवश्यकताओं को केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार उठाया। विशेष रूप से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए रेल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दिलाने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए।
अब टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक रेल पहुंचने से इन प्रयासों का असर धरातल पर दिखाई देने लगा है। गंधवानी विधानसभा क्षेत्र में रेल सुविधा की शुरुआत को स्थानीय स्तर पर विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
व्यापार, रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
टांडा रोड तक रेल पहुंचना महज आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि आदिवासी अंचल के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर परिवहन सुविधा से क्षेत्र के लोगों को बड़े शहरों तक पहुंचने में भी सहूलियत होगी।
इसके साथ ही बड़ोदरा–रतलाम 4-लेन रेल परियोजना की स्वीकृति तथा रेल, सड़क, परिवहन और राज्य सरकार की 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं राष्ट्र को समर्पण से पश्चिमी मध्यप्रदेश और धार क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने की बात कही गई है।
जल्द धार शहर तक भी पहुंचेगी रेल
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सांसद सावित्री ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धार लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों का वर्षों पुराना रेल का सपना अब साकार होने की दिशा में है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही टांडा रोड रेलवे स्टेशन से धार नगर के रेलवे स्टेशन तक रेल परियोजना का कार्य भी पूर्ण होगा।
सांसद ने इसे क्षेत्र के विकास के नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि रेल कनेक्टिविटी से धार और आसपास के आदिवासी क्षेत्रों में विकास के नए अवसर पैदा होंगे।




