एटीएम बदलकर खाते से पार किए 36,200 रुपये, मदद के लिए एसपी ऑफिस पहुँचा पीड़ित

Advertisement
छतरपुर: मदद के बहाने शातिर ठग ने बदला कार्ड और देख लिया पासवर्ड, सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज
छतरपुर, शिवम सोनी । शहर में एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। ताजा मामले में एक सरकारी ड्राइवर ठगी का शिकार हुआ है, जिसके खाते से अज्ञात आरोपी ने छलपूर्वक 36,200 रुपये साफ कर दिए। ग्राम राठ निवासी देशराज यादव ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है।
मदद के बहाने हुई ठगी प्रार्थी देशराज यादव, जो नगरपालिका परिषद छतरपुर में ड्राइवर के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि उनका खाता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा में है। घटना 16 फरवरी 2026 की है, जब वे बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। वहां उन्होंने 5,000 रुपये निकाले, तभी पीछे खड़े एक अज्ञात युवक ने चालाकी से उनका कार्ड बदल लिया और पिन नंबर देख लिया।
तीन दिन बाद चला पता ठगी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित 19 फरवरी को दोबारा पैसे निकालने एटीएम पहुँचा। वहां कार्ड को 'अमान्य' (Invalid) बताया गया। बैंक जाकर पता करने पर उनके होश उड़ गए, क्योंकि खाते से पहले ही 36,200 रुपये निकाले जा चुके थे।
साइबर सेल से जांच की मांग पीड़ित ने बताया कि उन्होंने 20 फरवरी को थाना सिविल लाइन में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब उन्होंने एसपी से मिलकर मामले की गंभीरता से जांच करने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ने की मांग की है।
सावधानी बरतें: पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि एटीएम के अंदर किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और अपना पिन दर्ज करते समय कीपैड को दूसरे हाथ से ढक लें।
