छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। शहर के परासिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में शनिवार दोपहर लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया। बैंक बंद होने के दौरान दो संदिग्ध बैंक परिसर पहुंचे और कथित तौर पर रस्सी बम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। संदिग्धों की गतिविधियों पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की कोशिश की और इस दौरान नुकीले हथियार से हमला कर दिया, जिससे सब इंस्पेक्टर नारायण बघेल के हाथ में चोट आई। हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लूट की इस कथित साजिश में और कौन-कौन शामिल था तथा आरोपियों की मंशा क्या थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

