रिटायर्ड फौजी ने सिर से सटाई राइफल और दबा दिया ट्रिगर, छत पर चिपके मांस के लोथड़े

Advertisement
ग्वालियर। ग्वालियर के शताब्दीपुरम में गुरुवार की आधी रात मौत का ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसे देख पुलिस वालों की भी रूह कांप गई। एक रिटायर्ड फौजी ने नशे की हालत में अपनी ही .315 बोर की लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। धमाका इतना जबरदस्त था कि फौजी के सिर और चेहरे का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह उड़ गया। खून के छींटे और मांस के चीथड़े कमरे की दीवारों और छत तक जा चिपके, जबकि मृतक की एक आंख छिटककर बिस्तर से 3 फीट दूर जा गिरी।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम में रहने वाले 50 वर्षीय श्याम बिहारी भदौरिया मूल रूप से भिंड के रहने वाले थे और सेना से सेवानिवृत्त थे। परिजनों ने बताया कि श्याम बिहारी गुरुवार सुबह से ही लगातार शराब पी रहे थे। रात करीब 1.30 बजे जब उनकी पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे, तभी अचानक श्याम बिहारी के कमरे से गोली चलने की कान फोड़ देने वाली आवाज आई। परिजन बदहवास होकर कमरे की तरफ भागे, दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बिस्तर खून से लथपथ था और श्याम बिहारी का क्षत-विक्षत शव वहां पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँचे। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे खुदकुशी की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। हालांकि, आसपास के लोगों का कहना है कि 4 साल पहले रिटायर होने के बाद श्याम बिहारी ने अपना सारा पैसा जमीन में इन्वेस्ट कर दिया था। निवेश से सही रिटर्न न मिलने के कारण घर में आर्थिक तंगी चल रही थी, जिससे वे मानसिक तनाव में थे और अक्सर घर में विवाद होता रहता था।
फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और राइफल को जब्त कर लिया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नशे के जुनून और आर्थिक तंगी के मेल ने एक फौजी की जिंदगी का इतना वीभत्स अंत कर दिया, जिसकी कल्पना भी उनके परिवार ने नहीं की थी।
