पैरोल पर छूटा और कर दिया कत्ल: नागौद में फरार बदमाश की सरेआम फायरिंग, एक युवक की गई जान

Advertisement
सतना, शुभम शुक्ला । जिले के नागौद थाना क्षेत्र में पैरोल पर बाहर आए एक बदमाश ने खूनी वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। बारा पत्थर गांव में आरोपी ने दो लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नागौद थाना क्षेत्र के बारा पत्थर गांव में पैरोल से फरार चल रहा अपराधी चंदन यादव अचानक गांव पहुंचा और दो लोगों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गोली लगने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही नागौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

