छतरपुर। छतरपुर में भीषण गर्मी के बीच वाहनों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में झांसी-खजुराहो एनएच स्थित देवगांव टोल प्लाजा पर एक ट्रक में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई थी। अब शहर के अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर चल रही पुरानी और जर्जर बसों को लेकर यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बस स्टैंड से दिल्ली, भोपाल, इंदौर, सागर समेत कई शहरों के लिए निजी बसों का संचालन हो रहा है, लेकिन कई बसों की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। आरोप है कि कई बसों की फिटनेस अवधि समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद वे धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ रही हैं और यात्रियों की जान जोखिम में डाल रही हैं।
यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि बसों में न तो किराया सूची लगी है और न ही सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है। कई बसों की आपातकालीन खिड़कियां टूटी हुई हैं, जिन्हें रस्सियों से बांधकर रखा गया है। ऐसे में किसी हादसे की स्थिति में यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है। भीषण गर्मी और लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं के बावजूद कई बसों में आग बुझाने के लिए अग्निशामक यंत्र तक मौजूद नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। अब सवाल उठ रहा है कि क्या जिला प्रशासन और परिवहन विभाग बसों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष जांच अभियान चलाएगा या फिर यात्रियों की सुरक्षा यूं ही खतरे में बनी रहेगी।

