छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह शनिवार को छिंदवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।


कार्यक्रम के दौरान राकेश सिंह ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व यदि ‘बाल बुद्धि’ वाला व्यक्ति करेगा, तो वह देश का नेतृत्व कैसे कर सकता है।


प्रभारी मंत्री ने राहुल गांधी पर भारत और भारतीय संस्कृति को लेकर की जाने वाली कथित टिप्पणियों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की ओर से कई बार ऐसी बातें कही जाती हैं, जिनमें भारत और भारतीय संस्कृति के प्रति विरोध का भाव दिखाई देता है।


राकेश सिंह के इस बयान के बाद कार्यक्रम के बीच ही राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें सम्मानित करना रहा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया।