नई दिल्ली। राज्यसभा की 37 सीटों के लिए सोमवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक परिणाम आने की संभावना है। देश के 10 राज्यों में हो रहे इन चुनावों में 7 राज्यों की 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 सीटों पर मतदान कराया जा रहा है।
हरियाणा में मतदान को लेकर कांग्रेस के विधायक हिमाचल प्रदेश के कसौली से लौटकर चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। वहीं कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने अपने-अपने विधायकों की बाड़बंदी की हुई थी। कांग्रेस ने 31 विधायकों को शिमला के रिजॉर्ट में रखा था, जबकि भाजपा ने अपने 47 विधायकों को एक निजी होटल में ठहराया था।
ओडिशा में भी राजनीतिक हलचल तेज है। विपक्षी बीजेडी और कांग्रेस ने पांच विधायकों को नोटिस जारी किया है। वहीं भाजपा ने अपने 82 विधायकों को पारादीप भेजा था, जिन्हें मतदान के लिए वापस बुलाया गया। कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने आरोप लगाया कि ओडिशा कांग्रेस के विधायकों को क्रॉस वोटिंग के लिए पांच-पांच करोड़ रुपए का ऑफर दिया गया है।
बिहार में संख्याबल के आधार पर एनडीए की चार सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि पांचवीं सीट पर उलटफेर की संभावना जताई जा रही है। कुल मिलाकर इन चुनावों में एनडीए को राज्यसभा में आठ सीटों तक का फायदा होने के आसार बताए जा रहे हैं।

