देश के उत्तर-पश्चिमी राज्यों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मंगलवार से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। राजस्थान के जयपुर में सुबह धूल भरी आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई।
मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर सहित 28 जिलों में आज और कल बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी दी गई है, जबकि 50 जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित है। कई नेशनल हाईवे पर बर्फ जमने से सैकड़ों पर्यटक फंसे हुए हैं। मौसम विभाग ने कुल्लू, किन्नौर, चंबा, लाहौल-स्पीति और शिमला में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर में आज सुबह से अधिकांश इलाकों में बर्फबारी हो रही है। खराब मौसम के चलते श्रीनगर से आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स आज के लिए रद्द कर दी गई हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। गुलमर्ग घाटी में सोमवार को न्यूनतम तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य राज्यों का हाल
दिल्ली: सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2°C और आयानगर में 3.6°C दर्ज हुआ। AQI 241 के साथ हवा खराब श्रेणी में रही। हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी।
पंजाब-हरियाणा: ठंड बरकरार, हिसार में 2.2°C और बठिंडा में 2.4°C तापमान दर्ज। अगले दो दिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव।
उत्तराखंड: पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में घना कोहरा। मंगलवार तक कोहरे और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी।

