प्रधानमंत्री की प्रेरणा और नौगांव का संकल्प: सर्वाइकल कैंसर मुक्त भविष्य की ओर बढ़ा स्वास्थ्य विभाग

Advertisement
नौगांव/छतरपुर (कमल यादव)। महिलाओं में तेजी से बढ़ते गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए नौगांव स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ी जंग छेड़ दी है। शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में एचपीवी (HPV) वैक्सीन टीकाकरण अभियान का विधिवत आगाज हुआ। इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान का शुभारंभ दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल संबोधन के माध्यम से किया, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों और बालिकाओं में भारी उत्साह देखा गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी (BMHO) डॉ. रविंद्र पटेल ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे को लगभग खत्म कर देती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह टीका 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं को लगाया जा रहा है। डॉ. पटेल के अनुसार, कम उम्र में यह टीकाकरण होने से शरीर में एंटीबॉडी बेहतर बनती हैं, जो उम्र भर कैंसर कोशिकाओं से लड़ने में सक्षम होती हैं अभियान के शुरुआती चरण में 35 छात्राओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान को केवल अस्पताल तक सीमित न रखते हुए व्यापक स्तर पर चलाने की योजना बनाई है। डॉ. पटेल ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों और आंगनवाड़ियों में भी विशेष शिविर लगाएंगी। अभिभावकों से पुरजोर अपील की गई है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए इस टीकाकरण अभियान का हिस्सा जरूर बनें।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जगत और शिक्षा विभाग के कई चेहरे मौजूद रहे। डॉ. प्रियंका खरे, डॉ. एन.के. गुप्ता के साथ समाजसेवी तृप्ति कठेल और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य रचना मिश्रा ने बालिकाओं का मनोबल बढ़ाया। बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर सर्वे किया और पात्र बालिकाओं को अस्पताल तक पहुँचाया। टीकाकरण के बाद बालिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिक्रिया दी और अन्य सहेलियों को भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया।


