कोलकाता, 8 मई । पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे सुवेंदु अधिकारी शुक्रवार को भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए। मीडिया से बातचीत में अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद से ही मैं विधायक दल का नेता निर्वाचित हुआ हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा में लोकतंत्र है और सभी विधायकों ने मेरे प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।
दूसरी और बंगाल चुनाव में भाजपा की टिकट पर चुनाव जीतकर आए नवनिर्वाचित विधायकों ने भी सुवेंदु अधिकारी के सीएम बनने के फैसले का स्वागत किया।
नवनिर्वाचित विधायक अशोक डिंडा ने कहा कि मैं 2021 से उन्हें करीब से देख रहा हूं और उससे पहले भी मैं उन्हें जानता था। वह ऐसे व्यक्ति हैं जो सड़क मार्ग से 14-15 घंटे तक यात्रा करते हैं। उन्होंने टीएमसी का डटकर मुकाबला किया है और ममता बनर्जी को दो बार हराया है। जब पूर्व की सरकार में वे नेता प्रतिपक्ष थे तो उनके नेतृत्व में विधानसभा में जो आंदोलन किया था, वह देखने लायक था। विपक्ष के नेता आज सीएम बनने जा रहे हैं। उन्हें बहुत सारी बधाई।
उन्होंने कहा, "सुवेंदु दादा बंगाल को आगे ले जाएंगे, भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उनके नेतृत्व में बंगाल सोनार बांग्ला बने।"
नवनिर्वाचित विधायक दिब्येंदु अधिकारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष, गृह मंत्री और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को यहां प्रतिनिधि के तौर पर भेजा गया था। हमारे दिलीप घोष ने सबसे पहले मुख्यमंत्री के नाम पर सुवेंदु अधिकारी के रूप में एक प्रस्ताव पेश किया। बाद में सदन के नौ सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि जिस तरह से सुवेंदु दा ने लड़ाई लड़ी है, जिस तरह से उन्होंने विधानसभा के अंदर और बाहर और इस चुनाव में भी संघर्ष किया है,उनसे बेहतर कोई और विकल्प हो ही नहीं सकता।

