भोपाल, जितेंद्र यादव। मध्यप्रदेश में फ्री बीज वितरण और गेहूं खरीदी को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच भाजपा विधायक दिव्यराज सिंह ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि राज्य सरकार गरीबों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को जो आर्थिक सहायता दी जा रही है, उससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और गरीब वर्ग का उत्थान हो रहा है।
गेहूं खरीदी के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में फसल कटाई का समय भिन्न होता है। विंध्य क्षेत्र में अभी कटाई शुरू नहीं हुई है, जबकि मालवा में कुछ स्थानों पर जल्दी कटाई हो जाती है। इसी कारण सरकार को खरीदी की समय-सीमा में बदलाव करना पड़ता है, ताकि सभी किसानों को उचित अवसर मिल सके।
बारदानों की कमी के आरोपों को भी उन्होंने खारिज करते हुए कहा कि सरकार के पास पर्याप्त व्यवस्था है और किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।


