शहर भर में तैनात थी पुलिस, खेत में हो गई हत्या; चाकुओं से गोद दिया एक युवक को

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। होली के रंगों और उत्साह के बीच भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक खौफनाक हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। होली के दिन मामूली विवाद के चलते एक युवक को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक की पहचान आदित्य पुत्र जयराम जमरे (उम्र 20 वर्ष), निवासी शिव पार्वती नगर, पालदा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, होली खेलने के दौरान आदित्य का तीन-चार युवकों से छोटी-मोटी बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उसे खेत या घर के पास ले जाकर चाकू से गोद दिया। हमले में आदित्य को सीने में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान की और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी। आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर मात्र 24 घंटे के अंदर तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से अधिकांश नाबालिग होने के कारण जांच जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत चल रही है। पूरे शहर में होली के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि उत्सव के बीच छोटे-छोटे विवाद हिंसक रूप कैसे ले लेते हैं।
परिजनों का कहना है कि आदित्य मूल रूप से बड़वानी का निवासी था और इंदौर में एक निजी कंपनी में काम करता था। होली पर वह परिवार के साथ था, लेकिन यह छोटा विवाद उसकी जान ले बैठा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
