इंदौर में होली पर पुलिस की सख्ती: 245 शराबी ड्राइवरों पर चालान, 5 हथियारबंद गिरफ्तार

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पुलिस ने विशेष टीमों के माध्यम से एरियल सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल पेट्रोलिंग के जरिए लगातार निगरानी रखी। सड़कों पर चलाए गए चेकिंग अभियान में ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अन्य नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पुलिस के इस विशेष अभियान के दौरान कुल 245 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में चालानी कार्यवाही की गई। प्रमुख चौराहों और सड़कों पर देर रात तक चेकिंग जारी रही, जिससे शहर में कानून-व्यवस्था बनी रही।
इसके अलावा, पुलिस ने हथियार लेकर घूम रहे 5 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें से एक आरोपी थाना द्वारकापुरी क्षेत्र में झगड़े की सूचना मिलने पर तलवार लेकर मौके पर पहुंचा था, जिसे पुलिस ने तुरंत पकड़ लिया। इन सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अवैध शराब के खिलाफ भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। एक्साइज एक्ट के तहत 56 प्रकरण दर्ज किए गए। अवैध शराब की सप्लाई करने वाले और बोतलें इधर-उधर ले जाने वाले कई लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होली के मौके पर शहर की शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। हुड़दंग करने वालों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार का आनंद शांति से मनाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, खासकर शराब पीकर वाहन न चलाएं।
