छतरपुर/राजनगर। कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देशानुसार नगर परिषद राजनगर द्वारा बारिश के मौसम को देखते हुए जन सुरक्षा के दृष्टिगत नगरीय क्षेत्र में लगातार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर परिषद राजनगर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनंत श्रीवास्तव ने सब इंजीनियर श्रीकांत खरे एवं राजस्व प्रभारी जीतेद्र नायक के साथ थनेरा तालाब का निरीक्षण किया। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तालाब का जलस्तर बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए मौके पर ही तालाब के आसपास बैरिकेडिंग कराई गई, ताकि आम नागरिकों को जलभराव एवं बढ़े हुए जलस्तर वाले क्षेत्र में जाने से रोका जा सके और किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि की संभावना को टाला जा सके।
वहीं, नगर परिषद द्वारा नगरीय क्षेत्र में जर्जर एवं गैर-आवासीय भवनों तथा गिरने की संभावना वाली प्राचीन दीवारों के विरुद्ध भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इन संरचनाओं के संबंध में कार्रवाई से पूर्व संबंधित भवन स्वामियों को नियमानुसार नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार अथवा जर्जर संरचना को हटाने हेतु सूचित किया जा चुका था। निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद नगर परिषद के अमले द्वारा ऐसे जर्जर एवं खतरनाक भवनों तथा प्राचीन दीवारों को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कराया गया।
नगर परिषद द्वारा बारिश के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है। जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर परिषद राजनगर द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव के कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।















