नौगांव,कमल यादव। आगामी त्योहारों ईद और रामनवमी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर नौगांव थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों की उपस्थिति रही।
रविवार शाम करीब 6 बजे जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नौगांव थाना क्षेत्र में आगामी त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक कोतवाली परिसर में आयोजित हुई, जिसमें ईद और रामनवमी पर्व को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा की गई।
बैठक में एसडीओपी हर्ष राठौर, तहसीलदार रमेश कोल, नायब तहसीलदार एवं टीआई बाल्मीक चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा नगर के गणमान्य नागरिक और पत्रकार भी बैठक में शामिल हुए। इस दौरान एसडीओपी हर्ष राठौर और तहसीलदार रमेश कोल ने कहा कि नौगांव में हमेशा से सभी त्योहार शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी ईद और रामनवमी के पर्व भी इसी परंपरा के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाएं।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन द्वारा त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही संबंधित विभागों को सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने भी त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की बात कही। वहीं शांति समिति के सदस्यों ने नगरवासियों से अपील की कि सभी लोग त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

