छतरपुर,विनोद मिश्रा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बस स्टैंड पर 5 अप्रैल को दिनदहाड़े बैग छिनने की घटना में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। प्रारंभिक रूप से इसे लूट की वारदात माना जा रहा था, लेकिन जांच में मामला पारिवारिक साजिश से जुड़ा निकला।
जानकारी के अनुसार, बमीठा थाना क्षेत्र के देवगांव निवासी रश्मि शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बैग, जिसमें करीब 15 हजार रूपए नकद और सोने-चांदी के जेवर रखे थे, एक अज्ञात वृद्ध द्वारा छीन लिया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
पुलिस ने जब फुटेज के आधार पर जांच की, तो रश्मि शर्मा के पति भूपेंद्र शर्मा ने आरोपी की पहचान अपने ससुर करन शर्मा, निवासी महोवा के रूप में की। पूछताछ में सामने आया कि परिवार में चल रहे विवाद के चलते यह पूरी घटना अंजाम दी गई थी।
बाद में भूपेंद्र शर्मा ने कोतवाली पहुंचकर मामले में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया और अपने बयान दर्ज कराए। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान हो चुकी है, लेकिन फरियादी पक्ष द्वारा कार्रवाई न करने के आवेदन के बाद आगे की कार्रवाई उसी के अनुरूप की जा रही है।

