छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिमरिया मंदिर के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। हादसे में चांदामेटा निवासी विशाल और अंडवार निवासी लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों रिश्ते में मामा-भांजा बताए जा रहे हैं।


हादसे की सूचना मिलते ही उमरानाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त ऑटो से बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।


फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। यह दुर्घटना एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे की ओर संकेत करती है।