छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। जिले में पदभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कंट्रोल रूम में अपनी पहली क्राइम मीटिंग आयोजित की। बैठक की शुरुआत जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों के परिचय से हुई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले सहित जिले के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिले में घटित अपराधों की समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर चर्चा हुई। नवागत एसपी रजत सकलेचा ने अधिकारियों को अपने कार्य करने के तरीके और प्राथमिकताओं से अवगत कराया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने, अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों से क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य करने तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने की बात कही। बैठक के दौरान जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।




