रक्तदान का नया रिकॉर्ड: सर्वाधिक 211 यूनिट ब्लड एकत्र, 24 महिलाओं ने भी किया योगदान

Advertisement
दमोह(राजेन्द्र तिवारी)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के बटियागढ़ ब्लॉक स्थित प्रसिद्ध अजब धाम में आयोजित रक्तदान शिविर ने जिले में एक नया इतिहास रच दिया। यहां कुल 211 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिससे 211 यूनिट ब्लड संग्रहित हुआ। यह दमोह जिले में अब तक का सर्वाधिक रक्त संग्रह का रिकॉर्ड है।
शिविर में विशेष रूप से 24 महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपना रक्त दान किया। अजब धाम परिसर में पूज्य छोटे सरकार के निर्देशन में आयोजित इस भव्य शिविर के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण और आराम के लिए अलग वार्ड तैयार किया गया था, जिसमें विस्तर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के आयोजन के बारे में पंडित महिमानंद शास्त्री जी ने बताया, छोटे सरकार जी के निर्देशन में यह शिविर लगाया गया। सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि आपका दिया हुआ दान किसी का जीवन बचा सकता है।
यह शिविर अजब धाम के वार्षिक महोत्सव के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें भक्तों और स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों का कहना है कि रक्तदान जैसा महादान समाज में जागरूकता फैलाने और जरूरतमंदों की मदद करने का सर्वोत्तम माध्यम है।
