मंदसोर,ललित शंकर धाकड़। जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में नई आबादी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मंदसौर-नीमच हाईवे पर अघोरिया फंटा के पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली।


तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और करीब 5 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया। जब्त की गई एमडी ड्रग्स की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।


पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कुछ अहम जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि एमडी ड्रग्स जैसे खतरनाक नशे का कारोबार युवाओं को बर्बाद कर रहा है, इसलिए इस पर सख्ती से रोक लगाना जरूरी है।


पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वह यह ड्रग्स कहां से लाया था और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई करने की योजना थी। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।


इस कार्रवाई से मंदसौर पुलिस ने यह साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।