नवागत थाना प्रभारी ने संभाला प्रभार, शांति समिति की बैठक में की अपील

Advertisement
चंदला, जीतेन्द्र तिवारी । गौरिहार में पदस्थ रहे थाना प्रभारी संदीप दीक्षित को अब चंदला थाना का प्रभार सौंपा गया है। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने थाना परिसर में आगामी त्योहार होली एवं रोज़ा-इफ्तार को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की।
बैठक में गौरिहार सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।नवागत थाना प्रभारी संदीप दीक्षित ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, जिससे कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने का संकल्प लिया।
