नौगांव बस स्टैंड पर नवीन पुलिस चौकी का हुआ लोकार्पण

Advertisement
नौगांव,कमल यादव । नगर के अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर शुक्रवार को नवीन पुलिस चौकी का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी विवेक खत्री रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आगम जैन, महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह भवर(राजा), एसडीओपी अमित मेश्राम, थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूजा-पाठ एवं फीता काटकर पुलिस चौकी का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम दोपहर लगभग 1 बजे आयोजित हुआ। पुलिस अधीक्षक आगम जैन ने कहा कि बस स्टैंड पर पुलिस चौकी स्थापित होने से आम लोगों को तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी और अपराधों पर नियंत्रण रखने में भी मदद मिलेगी।
वहीं डीआईजी विवेक खत्री ने कहा कि भविष्य में नौगांव थाना और इस पुलिस चौकी पर स्टाफ बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नौगांव का क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा हुआ है, इसलिए यहां पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। चौकी पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और 24 घंटे पुलिस स्टाफ की तैनाती रहेगी, जिससे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के साथ-साथ अब पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी यह चौकी महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में नौगांव थाना, अलीपुर और हरपालपुर में विधायक निधि से आवश्यक निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, सीएमओ आई.एस. अवस्थी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
