मैहर,पुसपेन्द्र। मध्यप्रदेश के मैहर जिला के मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू में पर्यटकों के लिए एक और नया आकर्षण जुड़ गया है। यहां नव निर्मित रेप्टाइल हाउस का लोकार्पण मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में बनाए गए इस आधुनिक रेप्टाइल हाउस में सरीसृपों और सर्पों की कई दुर्लभ प्रजातियों को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित रखा गया है। यहां घूमने आने वाले पर्यटक अब किंग कोबरा, रसल वाइपर और पाइथन जैसे खतरनाक और दुर्लभ सांपों को नजदीक से देख सकेंगे। साथ ही जहरीले सांपों की पहचान और उनके बारे में विस्तृत जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। वन विभाग और सफारी प्रबंधन के अनुसार यह रेप्टाइल हाउस पर्यटन के साथ-साथ सर्प संरक्षण और शोध के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।


वन विभाग और सफारी प्रबंधन के मुताबिक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद इस रेप्टाइल हाउस को जल्द ही आम पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। यहां आने वाले लोग सुरक्षित माहौल में सरीसृपों को देख सकेंगे और उनके बारे में जानकारी हासिल कर पाएंगे। अब तक लोग सांपों को खेतों और जंगलों में ही देखते थे, लेकिन यहां उन्हें विभिन्न प्रजातियों को लाइव देखने और समझने का अवसर मिलेगा।


उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मुकुंदपुर सफारी प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में तेजी से विकसित हो रही है। रेप्टाइल हाउस शुरू होने से यहां पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होगी। अब तक यह सफारी व्हाइट टाइगर के लिए प्रसिद्ध थी, लेकिन अब सर्पों की विभिन्न प्रजातियां भी यहां आकर्षण का केंद्र बनेंगी, जिससे स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों सहित हर वर्ग के लोग लाभान्वित होंगे।


उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मुकुंदपुर सफारी को मिनी टाइगर सफारी से मीडियम सफारी का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसे और बेहतर बनाने के लिए वन विभाग आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर रहा है। सफारी का दर्जा बढ़ने के बाद यहां पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा और वन्यजीव संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी, जिससे विंध्य क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।