छतरपुर,जीतेंद्र तिवारी। छतरपुर जिले के चंदला विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे पाइपलाइन निर्माण कार्य में भारी अनियमितता सामने आई है। सड़वाकोल से कंदैला मार्ग पर कार्य कर रही LCC कंपनी पर नियमों को ताक पर रखकर काम करने के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, तय मानकों के मुताबिक पाइपलाइन को कम से कम एक मीटर जमीन के अंदर दबाया जाना चाहिए था, लेकिन ठेकेदार ने पाइपों को सड़क के ऊपर ही बिछा दिया है। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
इतना ही नहीं, पाइपलाइन डालने के दौरान सड़क के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक खुदाई कर गड्ढों को खुला छोड़ दिया गया है, जिससे राहगीरों खासकर दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन को खेतों के रास्ते आसानी से ले जाया जा सकता था, इसके बावजूद मुख्य सड़क को नुकसान पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर सड़क को तुरंत ठीक कराने और दोषी ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

