शाहगढ़,पुष्पेन्द्र यादव। सागर जिले के शाहगढ़ में दो सरकारी विभागों के बीच विवाद का अनोखा मामला सामने आया है। करीब 9.61 लाख रुपए के बकाया बिजली बिल का भुगतान न होने पर विद्युत विभाग ने नगर परिषद की बिजली सप्लाई काट दी। इससे नाराज नगर परिषद ने कथित रूप से बिजली विभाग के कार्यालय के गेट पर कचरा डलवा दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।


बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:15 बजे दो गाड़ियां और करीब 10 बजे एक अन्य वाहन द्वारा बिजली ऑफिस के दोनों गेटों के सामने कचरा फेंका गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नगर परिषद की गाड़ियां कचरा खाली करती दिखाई दे रही हैं। मामले की सूचना मिलते ही तहसीलदार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।


विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नगर परिषद पर पिछले पांच महीनों से करीब 9.61 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया था, जिसके चलते कार्रवाई की गई। वहीं, नगर परिषद के सीएमओ विनय मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने इस कार्रवाई को व्यक्तिगत रूप से लेते हुए कचरा डलवाया।


स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्षदों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे अशोभनीय और प्रशासनिक मर्यादा के खिलाफ बताया है। तहसीलदार ने कहा कि मामले की जांच कर रिपोर्ट एसडीएम को भेजी जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नगर परिषद द्वारा कचरा हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।