भिंड,अक्षय। भिंड जिले में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस मामले में मृतक की पत्नी ही उसकी कातिल निकली, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने योजनाबद्ध तरीके से अपने पति को रास्ते से हटाने की पूरी प्लानिंग की थी।


जानकारी के मुताबिक घटना दो दिन पहले शाम करीब 7:30 बजे की है, जब पति-पत्नी अपने बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। हत्या को लूट की घटना का रूप देने की भी कोशिश की गई, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।


सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस पूरी घटना को बच्चों के सामने ही अंजाम दिया गया, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया। शुरुआत में मामला लूट और हत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस ने जब बारीकी से जांच की तो साजिश की परतें खुलती चली गईं। अटेर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पत्नी की भूमिका संदिग्ध पाई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ मिलकर लंबे समय से पति को रास्ते से हटाने की योजना बना रही थी। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है और रिश्तों में बढ़ते अपराध को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

असित यादव, डीआईजी/पुलिस अधीक्षक भिंड
(पुलिस ने मामले का सफल खुलासा करते हुए बताया कि हत्या की साजिश पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर रची थी, दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।)