तीन माह की बच्ची की मां ने खाया ज़हर, मौत; मायके पक्ष ने पति पर लगाए हत्या के आरोप

Advertisement
बड़ामलहरा , लोकेंद्र सिंह बुंदेला। बड़ामलहरा अनुभाग क्षेत्र में एक 21 वर्षीय महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से पूरे परिवार में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ामलहरा अनुभाग के भगवा थाना अंतर्गत ग्राम सोरखी निवासी मनीषा अहिरवार (21 वर्ष), पति राजेश अहिरवार, ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका की तीन माह की एक मासूम बच्ची भी है। मां की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतका के पिता कमलेश अहिरवार ने मनीषा के पति पर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
