जबलपुर। मध्यप्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में उस वक्त हलचल मच गई, जब लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह पर जबलपुर स्मार्ट सिटी के सीईओ और आईएएस अधिकारी अरविंद शाह को कथित रूप से अपमानित करने और धमकी देने के आरोप लगे हैं। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक और प्रशासनिक तंत्र के बीच टकराव की बहस को फिर तेज कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, विवाद की शुरुआत 17 मार्च 2026 को हुई, जब अरविंद शाह ने जबलपुर स्मार्ट सिटी का प्रभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सख्त कदम उठाए और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करवाई। जांच में कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनका वेतन रोक दिया गया। इसी कार्रवाई के बाद विवाद ने जन्म लिया।


बताया जा रहा है कि एक कर्मचारी से जुड़े मामले को लेकर 22 अप्रैल को अरविंद शाह को मंत्री राकेश सिंह के बंगले पर बुलाया गया। आरोप है कि वहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और गंभीर धमकियां दी गईं। हालांकि इस मामले में मंत्री पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना के बाद अरविंद शाह ने पूरे मामले की जानकारी मुख्य सचिव अनुराग जैन को दी और अपना पक्ष रखा। इस घटनाक्रम से प्रशासनिक अधिकारियों में नाराजगी बताई जा रही है। फिलहाल मामला तूल पकड़ता जा रहा है और यह विवाद राजनीतिक बनाम प्रशासनिक टकराव का रूप लेता दिख रहा है। अब सभी की नजर सरकार और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।