Thursday, February 26, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशभोपालमध्यप्रदेश के 38 जिलों में आज होंगे गणित जागरूकता कार्यक्रम

मध्यप्रदेश के 38 जिलों में आज होंगे गणित जागरूकता कार्यक्रम

Post Media

Ramanujan

News Logo
PeptechTime
22 दिसंबर 2025, 08:11 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

भोपाल (ईएमएस)। राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एमपीसीएसटी) की पहल पर प्रदेश के करीब 38 जिलों में 170 से अधिक संस्थानों में गणित जागरूकता कार्यक्रम होंगे। सोमवार 22 दिसंबर को मध्यप्रदेश में गणित, खगोल विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा को लेकर व्यापक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन सभी आयोजनों का मुख्य केंद्र उज्जैन जिले का ऐतिहासिक डोंगला रहेगा।


डोंगला को प्राचीन काल से ही समय-गणना, सूर्य की गति, पंचांग निर्माण और खगोलीय अध्ययन का प्रमुख केंद्र माना जाता रहा है। अब इस ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक संदर्भ में पुनर्जीवित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल से डोंगला को विज्ञान, गणित और भारतीय ज्ञान परंपरा के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे इसे एक नई पहचान मिल रही है। राष्ट्रीय गणित दिवस के मौके पर डोंगला में “भारत की वैदिक गणित परंपरा” विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।


इसमें प्रदेश और देशभर से आए विषय विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, शोधार्थी और शिक्षक हिस्सा लेंगे। कार्यशाला में वैदिक गणित की वैज्ञानिक उपयोगिता, आधुनिक गणित से उसका संबंध और शिक्षा में इसके प्रयोग पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी सूर्य के उत्तरायण होने के खगोलीय क्षण के साक्षी भी बनेंगे। यह अनुभव भारतीय ज्योतिष, गणित और खगोल विज्ञान की समृद्ध परंपरा को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देगा।


परिषद की ओर से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, वैज्ञानिक संस्थानों और स्वैच्छिक संगठनों के सहयोग से व्याख्यान, प्रतियोगिताएं, संवाद सत्र और प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में गणित के प्रति रुचि बढ़ाना और तार्किक सोच को मजबूत करना है। मालूम हो कि राष्ट्रीय गणित दिवस महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती पर 22 दिसंबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं को गणित के महत्व से जोड़ना है।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)