मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। नई आबादी थाना पुलिस ने “ड्रग फ्री मध्यप्रदेश” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बाजखेड़ी स्थित एक खेत में संचालित अवैध एमडी (सिंथेटिक) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग और 9 किलो 109 ग्राम रासायनिक पदार्थ जब्त किए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 14 करोड़ रुपये बताई गई है।


पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान सदाकत खान (41) और आरीफ अजमेरी (33) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि ताहिर अजमेरी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने फैक्ट्री से सेंट्रीफ्यूगल मशीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, इंडक्शन, ड्रम, बाल्टियां सहित ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।


मामले में थाना नई आबादी में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग निर्माण, परिवहन और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।