शादी का झांसा देकर MBA छात्रा से दुष्कर्म, राजस्थान का युवक फरार

Advertisement
लिव-इन में रह रहा था आरोपी; शादी का दबाव बनाने पर मुकरा, पुलिस ने दर्ज किया केस
इंदौर ,रविकांत वर्मा | मुख्य संवाददाता मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी में युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर शोषण करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र का है, जहां एक एमबीए (MBA) की छात्रा के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी और दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दोस्ती के बाद लिव-इन में रखा जानकारी के अनुसार, पीड़िता शहर में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रही है। कुछ समय पहले उसकी दोस्ती राजस्थान के रहने वाले एक युवक से हुई थी। आरोपी ने छात्रा को शादी का सपना दिखाया और उसे अपने साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के लिए राजी कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
शादी से इनकार पर खुली पोल जब छात्रा ने युवक पर आधिकारिक रूप से विवाह करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और उसे छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। खुद को ठगा महसूस कर छात्रा द्वारकापुरी थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।
"छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी मूल रूप से राजस्थान का निवासी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।"
