छतरपुर, विनोद मिश्रा/शिवम सोनी। जिला मुख्यालय में आज पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली का आगमन हुआ। जिले की कानून-व्यवस्था और विभिन्न गतिविधियों की गहन समीक्षा के उद्देश्य से पहुंचे आईजी ने पत्रकारों से खुलकर बातचीत की और जिले तथा शहर में चल रही प्रमुख घटनाओं के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज वे छतरपुर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करने आए हैं ताकि मौजूदा स्थिति का जायजा लिया जा सके और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकें।
आईजी इरशाद वली ने जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग व्यवस्था और शहर से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि अवैध शराब, मादक पदार्थों और महिला अपराधों जैसे गंभीर मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इन मुद्दों पर जनता से सीधे संवाद स्थापित किया जाएगा और गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी लगाम लगाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर डीआईजी विजय कुमार खत्री, एसपी रजत सकलेचा, एएसपी आदित्य पटले सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे जिन्होंने जिले की मौजूदा स्थिति और पुलिस की सक्रियता से जुड़े विषयों पर पत्रकारों को जानकारी दी।
आईजी के इस दौरे को जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पत्रकारों से हुई मुलाकात में शांति बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जन-सुरक्षा जैसे विषयों पर खुलकर बातचीत हुई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि प्रशासन इन मुद्दों को प्राथमिकता दे रहा है और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।




