छतरपुर, संजय अवस्थी। जिले के गुलगंज तिराहे के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छतरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक अज्ञात ट्रक बड़ा मलहरा की ओर से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और ट्रक की चपेट में आ गए।


हादसे में गुलगंज के गढ़ी मोहल्ला निवासी अहिरवार समाज के प्रभु अहिरवार और अशोक अहिरवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गब्बर अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। हादसे के चलते कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।