दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

Advertisement
महाराजपुर(शिवम चौरसिया)। थाना क्षेत्र के भाटीपुरा पुरा मोहल्ला में स्थित एक छोटी सी गुटका, पेप्सी एवं किराना सामग्री की डिब्बा दुकान में रात के समय भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकानदार को करीब एक से डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी के अनुसार दुकानदार रामदयाल कुशवाहा पुत्र मुन्नालाल कुशवाहा, निवासी वार्ड क्रमांक 6, भाटीपुरा पुरा मोहल्ला, निवारी-नेगुआ रोड के पास एक छोटा काउंटर/डिब्बा संचालित करते हैं। वे यहां बिस्किट, पेप्सी, कुरकुरे, नमकीन सहित अन्य किराना सामग्री बेचकर परिवार का गुजारा चलाते हैं।
4 मार्च की रात करीब 9 बजे रामदयाल ने दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 5 मार्च की सुबह लगभग 4 बजे एक परिचित ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि दुकान में आग लगी हुई है और सामान जल रहा है। सूचना मिलते ही रामदयाल तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखा फ्रिज, खाद्य सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ भी बच नहीं पाया।
सुबह घटना की सूचना महाराजपुर थाना में दी गई। थाना बीट प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, पुलिस जांच में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या कोई अन्य वजह थी। पीडि़त दुकानदार रामदयाल कुशवाहा को इस आगजनी से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उनका अनुमान है कि नुकसान का आंकड़ा एक से डेढ़ लाख रुपये के बीच है।
