छतरपुर। शहर की सड़कों पर तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा यातायात व्यवस्था भंग करने वाले 'मॉडिफाइड साइलेंसर' के खिलाफ छतरपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। सड़क सुरक्षा और मोटर वाहन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस न केवल वाहन चालकों पर कार्रवाई कर रही है, बल्कि अवैध स्पेयर पार्ट्स बेचने वाले दुकानदारों पर भी शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में कोतवाली, सिविल लाइन और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 रॉयल एनफील्ड (बुलेट) दोपहिया वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाए गए, वहीं शहर की तीन स्पेयर पार्ट्स दुकानों से 11 अवैध साइलेंसर जब्त किए गए।

5 रॉयल एनफील्ड वाहनों पर कार्रवाई, तीन दुकानों से 11 मॉडिफाइड साइलेंसर बरामद

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान थाना कोतवाली एवं थाना सिविल लाइन पुलिस की टीम ने सड़कों पर तेज आवाज करते हुए दौड़ रहे मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त 5 रॉयल एनफील्ड दोपहिया वाहनों को पकड़ा। पुलिस ने मौके पर ही सभी दोपहिया वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर जब्त किए और संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की। दूसरी ओर, अवैध पुर्जों की बिक्री की जड़ पर प्रहार करते हुए यातायात पुलिस टीम ने शहर की तीन स्पेयर पार्ट्स दुकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान इन दुकानों से मानकों के विपरीत कुल 11 मॉडिफाइड साइलेंसर बरामद किए गए। पुलिस ने सभी साइलेंसर जब्त कर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।


धारा 182ए(3) के तहत 1 लाख रुपये तक का जुर्माना या 1 वर्ष के कारावास का प्रावधान

छतरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 182ए(3) के अंतर्गत निर्धारित सुरक्षा व ध्वनि मानकों का उल्लंघन करते हुए मोटर वाहन के घटकों (स्पेयर पार्ट्स) का विक्रय करना एक गंभीर दंडनीय अपराध है। इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर प्रति घटक 1,00,000 (एक लाख) रुपये तक का भारी जुर्माना अथवा 1 वर्ष तक का कारावास या दोनों दंड एक साथ दिए जाने का कठोर प्रावधान है। पुलिस के अनुसार, ये मॉडिफाइड साइलेंसर अनावश्यक ध्वनि प्रदूषण उत्पन्न करते हैं, जिससे बुजुर्गों, मरीजों व आमजन को भारी असुविधा होती है और शहर की शांति व्यवस्था प्रभावित होती है।

छतरपुर पुलिस की अपील: अवैध बिक्री की सूचना हेल्पलाइन नंबर 7049101021 पर दें

कार्रवाई के साथ ही छतरपुर पुलिस ने सभी स्पेयर पार्ट्स विक्रेताओं और व्यवसायियों से अपील की है कि वे केवल मोटर वाहन अधिनियम एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहन उपकरणों का विक्रय करें और अनधिकृत पुर्जों की बिक्री से बचें। साथ ही, आम नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में अनधिकृत स्पेयर पार्ट्स की बिक्री या मॉडिफाइड साइलेंसर के उपयोग की जानकारी मिलती है, तो नागरिक तत्काल छतरपुर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049101021 पर सूचना दें।