देवास में जुए–सट्टे के अड्डों पर बड़ी कार्रवाई, 15 गिरफ्तार, लाखों का सामान जब्त

Advertisement
देवास,हेमंत गुर्जर। शहर में अवैध जुए और सट्टे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीएसपी सुमित अग्रवाल के नेतृत्व में कोतवाली और नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र में एक साथ की गई।
विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 12 मोबाइल फोन, 6 मोटरसाइकिल, 28 हजार 100 रुपये नकद, 2 कैलकुलेटर, ताश की गड्डियां और सट्टे की पर्चियां बरामद की गईं। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत लगभग 5 लाख 78 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को लंबे समय से कोतवाली और नाहर दरवाजा क्षेत्र में जुए और सट्टे की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। सटीक सूचना के आधार पर की गई इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
