शिफ्टिंग के दौरान मजदूर के लिए 'काल' बनी मशीन, तड़प-तड़प कर गई जान

Advertisement
कटनी, सुमित कुमार । कटनी के गुलवारा स्थित मित्तल सीमेंट ईंट कंपनी में शुक्रवार दोपहर अचानक चीख-पुकार मच गई। रोज की तरह अपनी ड्यूटी निभाने आया 24 साल का सतीश कुशवाहा हादसे का शिकार हो गया। फ्लाई ऐश मशीन को शिफ्ट किया जा रहा था, तभी अचानक मशीन अनबैलेंस हुई और उसका एक भारी हिस्सा टूटकर सीधे सतीश के ऊपर जा गिरा। सतीश मशीन के उस भारी वजन के नीचे दबकर बुरी तरह लहूलुहान हो गया।
फैक्ट्री में मौजूद अन्य श्रमिक तुरंत सतीश को लेकर जिला अस्पताल की ओर भागे। अस्पताल के गलियारे में अफरा-तफरी का माहौल था, डॉक्टर सतीश को बचाने की कोशिशों में जुटे थे, लेकिन चोटें इतनी घातक थीं कि इलाज के दौरान ही सतीश की सांसें थम गईं। स्लीमनाबाद के ग्राम चरगवां का रहने वाला यह नौजवान अब अपने परिवार के बीच कभी लौटकर नहीं जाएगा। हादसे की सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस और एडिशनल एसपी डॉ. संतोष कुमार डेहरिया मौके पर पहुंचे। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि क्या मशीन शिफ्टिंग के दौरान सुरक्षा मानकों को ताक पर रखा गया था? क्या मजदूर को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के इतने भारी काम में लगाया गया था?
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद अगर प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फैक्ट्री में सन्नाटा पसरा है और साथी मजदूर इस खौफनाक मंजर को याद कर सहमे हुए हैं।
