छतरपुर,विनोद मिश्रा। जिले से सटे उत्तर प्रदेश सीमा के श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पवा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार गांव के युवक अंजुल तिवारी का एक युवती से प्रेम संबंध था, जिसकी जानकारी उसके दोस्त चंद्रउदय राजपूत को भी थी।


बताया जा रहा है कि बीते दिन युवती के परिजन अंजुल तिवारी से मारपीट करने पहुंचे, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद वे चंद्रउदय राजपूत के घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।


हमले के दौरान बीच-बचाव करने आए चंद्रउदय के पिता राजेंद्र राजपूत, भाई शैलेंद्र राजपूत और बहन नीता राजपूत पर हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि वीरपाल, राजू, कजरा श्रीवास, रोहित वर्मा सहित सैकड़ों लोगों ने मिलकर मारपीट की।


इस घटना में राजेंद्र राजपूत और शैलेंद्र राजपूत को सिर समेत शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को पहले महोबा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।


घायलों का आरोप है कि घटना के बावजूद पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की मांग की है।