पन्ना। पन्ना जिले में एक मादा तेंदुए की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया। उत्तर वन मंडल के देवेंद्र नगर रेंज अंतर्गत बृजपुर बीट क्षेत्र में एक निजी खेत के सिंचाई कुएं में तेंदुए का शव तैरता मिला। चौकीदार के परिजनों ने सबसे पहले शव को देखा, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू कर दी है।


प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने आशंका जताई है कि तेंदुआ करीब 3 से 4 दिन पहले कुएं में गिर गया था और बाहर नहीं निकल पाने के कारण पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। लंबे समय तक पानी में रहने से शव फूल गया है। फिलहाल वन विभाग की टीम शव को कुएं से बाहर निकालने में जुटी हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।